{"vars":{"id": "130921:5012"}}

देव दीपावली पर काशी में ट्रैफिक का मेगा प्लान! 10 रास्तों पर वाहन बंद, राजघाट पुल पर पैदल भी रोक
 

 

वाराणसी। देव दीपावली के अवसर पर काशी में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू हो जाएंगे। घाटों की ओर जाने वाले 10 प्रमुख मार्गों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 57 पार्किंग स्थल और पांच होल्डिंग एरिया चिह्नित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी मेहमानों के आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

राजघाट पुल पर पैदल चलने की भी अनुमति नहीं

देव दीपावली के दौरान गंगा के पुलों पर भी यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। राजघाट पुल पर नमो घाट और पड़ाव के बीच वाहनों के साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।

वहीं, लंका और रामनगर को जोड़ने वाले सामने घाट पुल से केवल दोपहिया वाहन और पैदल यात्री गुजर सकेंगे। चारपहिया और अन्य वाहनों के लिए विश्वसुंदरी पुल तथा रिंग रोड स्थित गंगा पुल से आवागमन सामान्य रहेगा।

इन प्रमुख मार्गों पर वाहनों की नो-एंट्री

घाटों के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मैदागिन से बुलानाला होते हुए गोदौलिया, लक्सा से रामापुरा, लहुराबीर से पिपलानी कटरा होते हुए मैदागिन और ब्रॉडवे तिराहे से सोनारपुरा होते हुए गोदौलिया तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अतिरिक्त अस्सी और रविदास घाट की ओर जाने वाले निर्धारित रास्तों, बहादुरपुर रोड से पड़ाव होते हुए रामनगर चौराहा और टेंगरा मोड़ तक तथा पड़ाव से सूजाबाद होते हुए राजघाट पुल और नमो घाट की ओर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।

दोपहर 1 बजे से शहर में बसों और भारी वाहनों पर रोक

24 नवंबर को दोपहर 1 बजे के बाद शहर में भारी मालवाहक वाहनों, रोडवेज और निजी बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इनका संचालन रिंग रोड और एनएच-19 से कराया जाएगा।

काशी डिपो और कैंट बस स्टेशन की बसें हरहुआ एवं संदहा के अस्थायी बस स्टेशनों से संचालित होंगी। जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर की ओर से आने वाली बसें हरहुआ, बावनबीघा और संदहा अंडरपास तक ही पहुंच सकेंगी।

इसी तरह प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली से आने वाली बसों को मोहनसराय तक सीमित रखा जाएगा। निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर सिटी बसों और ई-रिक्शा का संचालन जारी रहेगा।

57 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

प्रशासन ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में पार्किंग की व्यवस्था की है।

नमो घाट क्षेत्र के लिए मच्छोदरी, नेशनल इंटर कॉलेज, टाउनहॉल, क्वींस कॉलेज और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पार्किंग निर्धारित की गई है। नमो घाट की निर्धारित पार्किंग तक केवल कलर-कोड पास वाले वाहनों को अनुमति मिलेगी।

दशाश्वमेध और गोदौलिया क्षेत्र में आने वाले वाहन एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, द्वारिकाधीश मंदिर, सीएचएस स्कूल, बेनियाबाग और मजदा पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे।

अस्सी और लंका क्षेत्र की ओर आने वाले वाहनों के लिए बीएचयू परिसर में पार्किंग बनाई गई है। प्रयागराज और मिर्जापुर की तरफ से आने वालों के लिए हरसेवानंद स्कूल मैदान, लौटूवीर और गढ़वाघाट में व्यवस्था रहेगी।

रामनगर क्षेत्र में चारपहिया वाहनों के लिए दुर्गा मंदिर मैदान, पंचवटी मैदान, लंका मैदान और रामबाग ग्राउंड, जबकि दोपहिया वाहनों के लिए पीएसी ग्राउंड में पार्किंग निर्धारित की गई है।

एंबुलेंस के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर

आपातकालीन सेवाओं को यातायात प्रतिबंधों से छूट दी गई है। मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं।

इनमें नमो घाट से कबीरचौरा और दीनदयाल अस्पताल, गोदौलिया से बीएचयू तथा पड़ाव से रामनगर जिला अस्पताल तक के मार्ग शामिल हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे के बाद प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं। निर्धारित पार्किंग स्थलों और वैकल्पिक रास्तों का ही इस्तेमाल करें।

यातायात संबंधी जानकारी या सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 7839856994 और हेल्पलाइन नंबर 7317202020 पर संपर्क किया जा सकता है।