{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी विद्यापीठ में चला मेगा वृक्षारोपण अभियान, गंगापुर परिसर में लगे 1600 से अधिक पौधे

 

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में रविवार को प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महाभियान के तहत मुख्य परिसर एवं महाराजा (डॉ.) विभूति नारायण सिंह गंगापुर परिसर में वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्य परिसर में मियावाकी पद्धति से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र सहित विश्वविद्यालय के अनेक प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं गंगापुर परिसर में 1600 से अधिक फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण तैयार करने की दिशा में विश्वविद्यालय की सतत प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लगाए गए सभी पौधों की समुचित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

अभियान के दौरान नीम, पीपल, बरगद, गुलमोहर, आम, जामुन सहित पर्यावरणीय एवं औषधीय महत्व के विभिन्न पौधे लगाए गए। साथ ही 'एक छात्र–एक पेड़' संकल्प के तहत विद्यार्थियों को एक-एक पौधा गोद देकर उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. राहुल गुप्ता, प्रो. राकेश तिवारी, प्रो. पीताम्बर दास, गंगापुर परिसर प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।