काशी विद्यापीठ के शोध छात्रावास में शुरू हुआ मेस, विद्यार्थियों को मिलेगा पौष्टिक भोजन
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर स्थित डॉ. संपूर्णानंद शोध छात्रावास में मंगलवार को मेस की शुरुआत की गई। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी के प्रतिनिधि एवं वाणिज्य एवं प्रबन्ध संकाय के अध्यक्ष प्रो. सुधीर कुमार शुक्ल ने फीता काटकर मेस का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मेस में छात्रों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य गृहपति डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को स्वच्छ, पौष्टिक और किफायती भोजन उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि छात्रावास में छात्रों को घर जैसा वातावरण देने के साथ-साथ भोजन की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। नई मेस समिति को निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भोजन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि मेस में छात्रावास में रहने वाले 150 से अधिक शोधार्थियों और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए भोजन तैयार किया जाएगा। यहां सुबह और रात के भोजन के साथ अल्पाहार की भी व्यवस्था रहेगी। छात्रों को प्रतिदिन अलग-अलग प्रकार का सुपाच्य और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की योजना है।
डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मेस का संचालन छात्रों की सक्रिय सहभागिता से किया जाएगा। इसके लिए मेनू भी छात्र समिति की ओर से तैयार किया गया है, ताकि विद्यार्थियों की पसंद और जरूरतों को भोजन व्यवस्था में शामिल किया जा सके।
मेस के शुभारंभ के अवसर पर कुलानुशासक डॉ. अम्बरीष राय, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र, प्रभारी अभियंत्रण विभाग प्रो. राकेश तिवारी, प्रो. नलिनी श्याम कामिल, प्रो. चंद्रशेखर सिंह, सहायक कुलसचिव डॉ. आनन्द कुमार सिंह, डॉ. प्रभा शंकर मिश्र, संपत्ति अधिकारी डॉ. एस.एन. सिंह, डॉ. दिनेश कुमार शुक्ल, डॉ. अविनाश सिंह, राजेश राय, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. विनोद कुमार सिंह, डॉ. श्रीराम त्रिपाठी समेत विश्वविद्यालय के कई शिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे।