{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BLW में दुर्गा पूजा के साथ सामाजिक समरसता का संदेश,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

 

Varanasi : बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) परिसर में दुर्गा पूजा समारोह श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कम्युनिटी हॉल में कृष्टि परिषद की ओर से आयोजित समारोह में बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती कर रेलकर्मियों तथा उनके परिवारों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

वैदिक मंत्रोच्चार और आरती से भक्तिमय हुआ वातावरण

समारोह के लिए कम्युनिटी हॉल स्थित पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और आरती संपन्न हुई। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने मां दुर्गा के चरणों में नमन करते हुए बरेका परिवार की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। समारोह में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य सदस्यों ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया।

दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का किया शुभारंभ

दुर्गा पूजा समारोह के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने दीप प्रज्वलित कर किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में उत्साह और उल्लास का संचार किया। समारोह में भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक मूल्यों की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न भाषाओं और सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से जुड़े लोगों के बीच आपसी सौहार्द और एकता का संदेश दिया गया।

सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का दिया संदेश

कृष्टि परिषद की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा समारोह में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामुदायिक सहभागिता पर भी विशेष जोर दिया गया। आयोजन ने बरेका की सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ रेलकर्मियों और उनके परिवारों को एक मंच पर आने का अवसर प्रदान किया। पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए सामाजिक समरसता, सहयोग और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर अरुण शाह, अनुपम चौधरी, आंकड़ा संसाधन प्रबंधक अमित सिकदर, उदयन चटर्जी और सुदीप चक्रवर्ती सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।