{"vars":{"id": "130921:5012"}}

B.Ed. परीक्षा को लेकर MGKVP अलर्ट, कुलपति ने केंद्रों का लिया जायजा

 

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश B.Ed. संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 की तैयारियों का निरीक्षण मंगलवार को कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने किया। उन्होंने दूसरे दिन सुधाकर महिला महाविद्यालय और श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स का दौरा कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पारदर्शी परीक्षा कराने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन को परीक्षा को पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रो. त्यागी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और अभ्यर्थियों के सीटिंग प्लान की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले दुरुस्त रखने के निर्देश दिए ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो।

गर्मी को देखते हुए विशेष इंतजाम

भीषण गर्मी को देखते हुए कुलपति ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

बता दें कि उत्तर प्रदेश बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन 31 मई को किया जाएगा।