{"vars":{"id": "130921:5012"}}

MGKVP : हजारों छात्र-छात्राओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में निकाली पदयात्रा, दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

 

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बुधवार को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ के प्रचार-प्रसार के तहत भव्य ‘नारी शक्ति पदयात्रा’ का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा पंत प्रशासनिक भवन के सामने आजाद चौराहे से शुरू होकर गेट नंबर-02 होते हुए भारत माता मंदिर तक निकाली गई।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ, महिला यौन उत्पीड़न प्रतिषेध समिति और महिला अध्ययन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

लोकतांत्रिक भागीदारी का ऐतिहासिक कदम

कुलपति आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि यह अभियान महिलाओं को उनके अधिकारों, राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने का प्रयास है। उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को महिलाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

महिलाओं को मिलेंगे अधिक अवसर

मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य दर्शना सिंह ने अधिनियम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अधिक अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान उनकी भागीदारी और सशक्तिकरण को नई दिशा देगा।

समाज में बदलाव की दिशा में पहल

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने इस पहल को सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं स्वीप एम्बेसडर नीलू मिश्रा ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समग्र विकास संभव नहीं है।

इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक और करीब 2000 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।