{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BHU में आधी रात बवाल: सुरक्षाकर्मियों से भिड़े छात्र, हुई पत्थरबाजी, 50 घायल

 

वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) का कैंपस मंगलवार आधी रात छात्रों ने हंगामा कर दिया। राजाराम हॉस्टल के पास एक कार से बिड़ला हॉस्टल के छात्र को हल्की टक्कर लगने के बाद शुरू हुआ विवाद मिनटों में बड़ा रूप ले बैठा। शिकायत लेकर पहुंचे छात्र और सुरक्षाकर्मियों के बीच कहासुनी हुई, और मामला इतना बढ़ा कि पत्थरबाजी तक पहुंच गया।

5 थानों की पुलिस और PAC मौके पर दनदनाई

हंगामा बढ़ता देख विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को बुलाया। कुछ ही देर में 5 थानों की पुलिस और PAC कैंपस में पहुंच गई। हालात को काबू करने के लिए छात्रों को हॉस्टलों की ओर खदेड़ा गया और हॉस्टल मार्ग को पूरी तरह सील कर दिया गया। लगभग दो घंटे तक पूरा परिसर तनाव में डूबा रहा।

50 से अधिक लोग घायल

हंगामे में करीब 50 लोग चोटिल हुए हैं, जिनमें लगभग 10 पुलिसकर्मी, 20–25 छात्र और 10–15 प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। कई छात्रों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें पीटा, जिसके विरोध में भीड़ और उग्र हो गई।

कैसे भड़का विवाद?

घटना की शुरुआत तब हुई जब राजाराम हॉस्टल के पास एक गाड़ी से एक छात्र को हल्का धक्का लग गया। इसके बाद छात्र शिकायत लेकर चीफ प्रॉक्टर ऑफिस पहुंचे। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों से उनकी तकरार हो गई। थोड़ी ही देर में सैकड़ों छात्र इकट्ठा हो गए और वीसी आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।

इसके बीच प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम और छात्रों के बीच माहौल और गरमाता चला गया। पत्थरबाजी शुरू हो गई। सामने आए वीडियो में छात्र सुरक्षाकर्मियों पर पथराव करते हुए और सुरक्षाकर्मी उन्हें खदेड़ते दिख रहे हैं।

कैंपस में तनाव भले ही फिलहाल शांत कराया गया हो, लेकिन छात्रों और प्रशासन के बीच टकराव का माहौल अभी भी गहरा है। घटना को लेकर जांच की तैयारी की जा रही है।