मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने भारत टैक्सी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना,बोले- किसान खुशहाल तो देश खुशहाल
वाराणसी। मुख्यमंत्री किसान समृद्धि योजना और भारत टैक्सी के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को कमिश्नरी सभागार में सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे। लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी ने देखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि देश की खुशहाली किसानों की समृद्धि से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि सहकारिता किसानों और आम लोगों को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है और इसे गांव-गांव तथा हर परिवार तक पहुंचाने की जरूरत है।
राज्यमंत्री ने किसानों को छह प्रतिशत ब्याज दर पर छह लाख रुपये तक दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने के निर्णय को महत्वपूर्ण बताया। इसके साथ ही सहकारी टैक्सी सेवा शुरू किए जाने की भी सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला सहकारी फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश सिंह अलगू को बधाई दी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने सहकारिता और किसानों के हित में प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों की लगातार प्रगति से किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में एमएलसी धर्मेंद्र राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया और जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह ने भी अपने विचार रखे। संयुक्त आयुक्त सोमी सिंह समेत अन्य अतिथियों ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला सहकारी फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश सिंह अलगू ने मुख्य अतिथि समेत सभी अतिथियों और अधिकारियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन एडीसीओ मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने भारत टैक्सी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान संयुक्त आयुक्त सोमी सिंह, सहायक आयुक्त सुरेंद्र कुमार मौर्य, क्षेत्रीय प्रबंधक एलडीबी कमलेश कुमार, जिला प्रबंधक पीसीएफ पुष्पेंद्र कुशवाहा, एडीसीओ अवधेश सिंह समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।edited at 08:09 PM