मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने 81.29 लाख की लागत से छह विकास कार्यों का किया शिलान्यास, बोले- क्षेत्र का विकास हमारी प्राथमिकता
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार में स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने मंगलवार को शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। नारायणपुर और सरसौली वार्ड में कुल छह निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई, जिनकी कुल लागत 81 लाख 29 हजार रुपये है।
इन कार्यों में सड़क नवनिर्माण, मरम्मत, इंटरलॉकिंग, पेयजल और सीवर लाइन से जुड़े कार्य शामिल हैं। प्रमुख परियोजनाओं में सुद्धिपुर मलिन बस्ती के प्रयास नगर में कच्चे मार्ग पर इंटरलॉकिंग (लगभग 22.23 लाख रुपये), कठवतिया नारायणपुर में इंटरलॉकिंग व सीवर कार्य (करीब 22.73 लाख रुपये), नारायणपुर वार्ड में विभिन्न मार्गों पर इंटरलॉकिंग (करीब 11.38 लाख व 5.71 लाख रुपये), सरसौली वार्ड के अशोकपुरम कॉलोनी से दैत्राबीर बाबा मंदिर तक 300 मीटर सड़क पर इंटरलॉकिंग (लगभग 19.24 लाख रुपये) तथा शारदा विहार कॉलोनी में पिच रोड से चम्पा सिंह के मकान तक इंटरलॉकिंग (करीब 10.52 लाख रुपये) शामिल हैं।
शिलान्यास के अवसर पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने क्षेत्रीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़कों के साथ-साथ आंतरिक गलियों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि लोगों को सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।
मंत्री ने कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को निर्देश देते हुए कहा कि जिन कार्यों का शिलान्यास किया गया है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर सहकारिता चेयरमैन राकेश सिंह अलगू, राजर्षी मंडल अध्यक्ष विवेक पांडेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतन कुमार मौर्या सहित कई पार्षद, पदाधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।