{"vars":{"id": "130921:5012"}}

GST अधिकारी के ससुराल में चोरी करने वाले बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस पर की फायरिंग; एक घायल, दूसरा दबोचा गया

 
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों का नाम हाल ही में जीएसटी अधिकारी के ससुराल में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में सामने आया था।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह और शिवपुर पुलिस की टीम ने ऊंदी क्षेत्र के पास घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए।

पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस टीम ने दोनों युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस और एसओजी टीम ने जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान विशाल के रूप में हुई है। वहीं दूसरा आरोपी रोहित मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे भी पकड़ लिया।

अस्पताल में भर्ती कराया गया घायल आरोपी

गोली लगने से घायल विशाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

GST अधिकारी के ससुराल में चोरी में था नाम

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का नाम हाल ही में शिवपुर क्षेत्र में एक जीएसटी अधिकारी के ससुराल में हुई करोड़ों रुपये की चोरी की घटना में सामने आया था। वारदात के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य किन-किन आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।