मिशन शक्ति फेज 5.0: चेतगंज और मिर्जामुराद में बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए चला जागरूकता अभियान
Varanasi : महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 05 के अंतर्गत वाराणसी में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना चेतगंज क्षेत्र के अंतर्गत स्थित श्री खेदन लाल राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति केंद्र चेतगंज की टीम द्वारा छात्राओं को 360 डिग्री कार्यक्रम के तहत जागरूक किया गया।
टीम ने बालिकाओं को सरकार की ओर से जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों — 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर क्राइम), 1098 (बाल सहायता), 181 (महिला हेल्पलाइन), 102 (एंबुलेंस सेवा), 108 (आपातकालीन चिकित्सा), 101 (फायर सर्विस), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) व 112 (इमरजेंसी सेवा) — के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही रानी लक्ष्मीबाई योजना, कन्या सुमंगला योजना जैसी सरकारी योजनाओं से भी छात्राओं को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी निरीक्षक चेतगंज के नेतृत्व में महिला उप निरीक्षक आदर्शिका, व0उप निरीक्षक रणजीत श्रीवास्तव, आरक्षी संजू कुमारी, अजय लक्ष्मी, ब्यूटी सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा किया गया। छात्राओं को पीपीटी प्रेजेंटेशन, वीडियो और ऑडियो के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों से संबंधित जानकारी दी गई। मौके पर छात्राओं की शिकायतें सुनी गईं और तत्काल काउंसलिंग एवं निराकरण भी किया गया।
मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत गौर गांव (मिर्जामुराद) स्थित स्व. वंशनारायण सिंह महिला महाविद्यालय में भी एसपी (राजातालाब) अजय कुमार श्रीवास्तव और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान एसआई कौशल किशोर व महिला कांस्टेबल दीप्ति त्रिपाठी ने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रबंधक व भाजपा नेता संजीव सिंह गौतम, प्राचार्य डॉ. आशुतोष उपाध्याय, सचिव योगेश सिंह और प्रशासनिक अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी 'सुमित' समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।