परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में बनेगा आधुनिक स्वीमिंग पूल, स्कूली बच्चों को मिलेगा तैराकी प्रशिक्षण का मौका
वाराणसी: जिले के परमानंदपुर मिनी स्टेडियम स्थित बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्कूली बच्चों के लिए आधुनिक स्वीमिंग पूल का निर्माण कराया जा रहा है। यह पूल 20 मीटर लंबा, 12 मीटर चौड़ा और लगभग 2 मीटर गहरा होगा, जिसमें कुल छह लेन बनाई जाएंगी।
इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बच्चों को तैराकी सीखने का बेहतर अवसर प्रदान करना है। वर्तमान में निर्माण कार्य तेजी से जारी है और करीब 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही यह पूल बनकर तैयार हो जाएगा।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रबंधक डॉ. एके सिंह के अनुसार, इस क्षेत्र में अब तक स्वीमिंग पूल की सुविधा न होने के कारण बच्चों को प्रशिक्षण के लिए अन्य जगहों पर जाना पड़ता था। नए पूल के निर्माण से स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने का बेहतर मंच मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस पूल में सब-जूनियर और जूनियर स्तर की तैराकी प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा। निर्माण कार्य में दिल्ली की एक कंपनी परामर्शदाता के रूप में सहयोग कर रही है और जमीन समतलीकरण का कार्य भी शुरू हो चुका है।
गौरतलब है कि परमानंदपुर मिनी स्टेडियम पहले ही खेल प्रतिभाओं का केंद्र रहा है। यहां से तीन अंतरराष्ट्रीय महिला हैंडबॉल खिलाड़ी निकल चुकी हैं, जबकि हॉकी, रग्बी, हैंडबॉल और मार्शल आर्ट जैसे खेलों में 12 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।