मां पीछे खड़ी है...कहकर ऑटो चालक तीन बच्चों को दुकान पर छोड़ हुआ फरार, पुलिस ने बाल गृह भेजा
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रविवार शाम करीब 4 बजे नेहिया बाजार में एक ऑटो सवार व्यक्ति तीन बच्चों को एक दुकान पर छोड़कर फरार हो गया। दुकानदार ने जब ऑटो चालक से बच्चों के बारे में पूछा तो उसने कहा कि उनकी मां पीछे खड़ी हैं और जल्द आ जाएंगी। इतना कहने के बाद वह मौके से निकल गया।
काफी देर इंतजार के बाद जब कोई महिला बच्चों को लेने नहीं पहुंची तो दुकानदार ने उनसे पूछताछ की। बच्चों ने अपना नाम राकेश (7), छोटी (6) और चंचल (5) बताया, लेकिन वे अपना घर या परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके।
दुकानदार ने पुलिस को दी सूचना
बच्चों की स्थिति देखकर दुकानदार ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों से जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन वे केवल अपना नाम ही बता पाए। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में बच्चों के परिजनों की तलाश शुरू की।
ऑटो चालक का नहीं मिला सुराग
चोलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश सिंह ने बताया कि नेहिया बाजार स्थित एक चाय की दुकान के पास ऑटो पहुंचा था। उसमें बैठे व्यक्ति ने तीनों बच्चों को नीचे उतारा और चला गया। दुकानदार ऑटो का नंबर नोट नहीं कर सका, जिसके कारण चालक की पहचान में परेशानी हो रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ऑटो और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा सके।
बाल गृह भेजे गए बच्चे, आसपास के जिलों को किया अलर्ट
पुलिस ने फिलहाल तीनों बच्चों को बाल गृह भेज दिया है। उनके परिजनों का पता लगाने के लिए वाराणसी जिले के सभी थानों को सूचना दी गई है। इसके अलावा आसपास के जिलों को भी अलर्ट किया गया है।
दुकानदार ने आशंका जताई कि ऑटो में सवार लोग संदिग्ध लग रहे थे। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।