यूपी में मानसून की एंट्री, कई जिलों में झमाझम बारिश; अगले 3 दिन और बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश में आखिरकार मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह से प्रयागराज, मुरादाबाद, सहारनपुर, ललितपुर, फतेहपुर, बुलंदशहर, बिजनौर, हाथरस, बदायूं और भदोही समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। वहीं लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, हरदोई सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 55 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है।
बिजनौर और ललितपुर में बारिश बनी मुसीबत
बिजनौर में लगातार हुई बारिश के कारण कई सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव की वजह से लोगों को घुटनों तक पानी में होकर गुजरना पड़ा।
वहीं ललितपुर में मूसलाधार बारिश के चलते रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और आरपीएफ थाने में भी पानी घुस गया, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को हुई थी मानसून की एंट्री
मंगलवार, 30 जून को मानसून ने सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया था। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई।
हालांकि सोनभद्र में भारी बारिश के बीच एक दुखद हादसा भी हुआ, जहां पिकनिक मनाने गए तीन लोग बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गए।
10 दिन की देरी से पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून करीब 19 दिनों तक उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर रुका रहा। सामान्य तौर पर मानसून 20 जून तक प्रदेश में पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री करीब 10 दिन देरी से हुई।
अगले 2-3 दिनों में पूरे प्रदेश में होगी झमाझम बारिश
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब प्रदेश के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है और फिलहाल आजमगढ़, अयोध्या और बरेली की ओर सक्रिय है। अगले दो से तीन दिनों में इसके पूरे उत्तर प्रदेश में फैलने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। लगातार बारिश के कारण तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।