खुशियों के बीच मातम: बहन की शादी से पहले युवक ने लगाई फांसी, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
Varanasi : शहर के जैतपुरा थाना क्षेत्र के बगवानाला इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 22 वर्षीय युवक ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान प्रदीप विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जौनपुर जिले के केराकत क्षेत्र का रहने वाला था। वह पिछले तीन वर्षों से वाराणसी में रहकर एसी सर्विसिंग का काम करता था।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे प्रदीप पानी लेने के बाद अपने कमरे में गया, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकला। इसी दौरान उसके छोटे भाई सत्यम विश्वकर्मा, जो किसी शादी समारोह में गया हुआ था, ने पड़ोस में रहने वाले एक छात्र से संपर्क किया। छात्र ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया, जहां प्रदीप का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
परिवार में पसरा मातम
प्रदीप अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में शामिल था। एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बहन की शादी 7 मई को तय थी। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का जल्द खुलासा किया जाएगा।