गोवर्धन पूजा में शामिल हुए MP के CM मोहन यादव, बोले- अयोध्या के बाद अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर बनेगा भव्य मंदिर
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में गोवर्धन पूजा का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के लोगों के निमंत्रण पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वाराणसी पहुंचे। उन्होंने नमो घाट पर आयोजित भव्य गोवर्धन पूजा महोत्सव में हिस्सा लिया और दोनों राज्यों के लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने के बाद भगवान श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं, उसी तरह एक दिन श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर का निर्माण होगा और हमारे बाल गोपाल श्रीकृष्ण भी मुस्कुराते नजर आएंगे। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच इसकी खूब चर्चा रही।
एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत, नमो घाट पर बरसे फूल
मुख्यमंत्री मोहन यादव के वाराणसी पहुंचने पर बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और हर-हर महादेव के जयकारों से एयरपोर्ट परिसर गूंज उठा।
इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से नमो घाट पहुंचे। यहां गोवर्धन पूजा समिति और भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
गोवर्धन पूजा प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक और प्राकृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार इस पर्व को व्यापक स्तर पर मनाती है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्रदेव के अहंकार को तोड़कर गोवर्धन पर्वत की पूजा का संदेश दिया था। यह पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण, गोवंश और पर्वतों के संरक्षण की सीख देता है। ये सभी हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इनकी रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की संस्कृति और परंपराएं एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं।
नमो घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में काशीवासी, साधु-संत और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूरा नमो घाट भक्ति, उत्साह और धार्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया। पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक आयोजनों के बीच श्रद्धालुओं ने गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया।