{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पांडेयपुर से पंचकोशी तक नगर आयुक्त का निरीक्षण, नाला सफाई में गड़बड़ी मिलने पर 24 घंटे का अल्टीमेटम

वाराणसी में मानसून से पहले नगर निगम ने नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पांडेपुर से पंचकोशी तक निरीक्षण कर सफाई कार्य की हकीकत जांची। सिल्ट हटाने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

 

वाराणसी: मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल खुद सड़क पर उतरकर नाला सफाई कार्य की हकीकत जांचने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर सफाई कार्य धीमा मिलने और नालों से निकली सिल्ट सड़क किनारे पड़ी होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने पांडेपुर पुलिस चौकी से लेकर पंचकोशी सारंग तालाब तक चल रहे नाला सफाई अभियान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि नालों से निकाली गई सिल्ट हर हाल में 24 घंटे के भीतर हटाई जाए। सड़क पर कूड़ा और गाद छोड़ने वाले कर्मचारियों और एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने खुले नालों को तुरंत ढकने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना बेहद जरूरी है। साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

हिमांशु नागपाल ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता मानसून से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों की 100 फीसदी सफाई कराना है, ताकि बारिश के समय लोगों को जलभराव और जाम जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर आयुक्त के साथ निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद राजकुमार चौधरी और अधिशासी अभियंता (सिविल) समेत नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम अब शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह का निरीक्षण अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है।