{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नगर निगम कार्यकारिणी बैठक : कज्जाकपुरा आरओबी का नाम बदलेगा, स्वास्थ्य अधिकारियों को मेयर की कड़ी फटकार

 

Varanasi : नगर निगम वाराणसी में गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में करीब छह घंटे लंबी कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पिछले प्रस्तावों की समीक्षा के साथ कई अहम निर्णय लिए गए। महापौर ने अधिकारियों से लंबित कार्यों पर नाराजगी जताते हुए तीन दिनों के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

स्ट्रीट लाइट उपकरण अब सीधे कंपनियों से खरीदे जाएंगे

ईईएसएल की सेवा अवधि समाप्त होने के बाद शहर में मार्ग प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। महापौर ने निर्णय लिया कि अब स्ट्रीट लाइट के उपकरण सीधे कंपनियों से खरीदे जाएंगे, जिससे प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये की बचत हो सकेगी। इसके लिए 15 अवर अभियंताओं की तैनाती का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। जलकल, सामान्य अभियंत्रण और आलोक विभागों में काम की गति बढ़ाने के लिए 15-15 अवर अभियंताओं की तैनाती को मंजूरी दी गई।

दनियालपुर में 5 बीघे में बनेगा पशु आश्रय स्थल

निराश्रित पशुओं की समस्या से निपटने के लिए दनियालपुर में 5 बीघे भूमि पर गौशाला और पशु उपचार केंद्र बनाने की स्वीकृति दी गई।

कज्जाकपुरा आरओबी का नया नाम- बाबा लाट भैरव फ्लाईओवर

बैठक में कज्जाकपुरा आरओबी का नाम बदलकर “बाबा लाट भैरव फ्लाईओवर” रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसे आगामी सदन बैठक में भी प्रस्तुत किया जाएगा।

अधिकारियों को फटकार

कूड़ा समय पर न उठने और कुत्तों-बंदरों को न पकड़ने पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी और पशु कल्याण अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई गई। महापौर ने हिदायत दी कि कार्य में तत्काल सुधार किया जाए।

जल निगम के अवर अभियंता को बैठक से निकाला

जल निगम के अवर अभियंता से वरिष्ठ अधिकारी की अनुपस्थिति संबंधी संतोषजनक जवाब न मिलने पर महापौर ने उन्हें बैठक से बाहर कर दिया, जिसके बाद अधिशासी अभियंता को तुरंत उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने बताया कि विभिन्न विभागों में 2000 से अधिक शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने 3 दिसंबर तक सभी शिकायतों के निस्तारण का सख्त निर्देश दिया।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय

1. विभागीय कार्यों की समय सीमा तय

  • स्ट्रीट लाइट और सीवरेज के 2024–25 के कार्य 31 मार्च 2025 तक पूर्ण करने के निर्देश।

  • निविदा दो बार असफल होने पर कार्य विभागीय रूप से कराने का आदेश।

2. सोलर प्लांट पर संपत्ति कर में छूट

जो भी भवन स्वामी 1 से 31 दिसंबर 2025 के बीच अपने घर की छत पर सोलर प्लांट लगवाकर ग्रिड से जोड़ते हैं:

  • एकमुश्त कर जमा करने पर 10% छूट

  • ऑनलाइन जमा करने पर 12% छूट

3. अस्सी और नगवां क्षेत्र के लिए बैराज प्रस्ताव

बाढ़ के समय पानी भरने की समस्या को देखते हुए
अस्सी नाले के पास नए बैराज का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश।

4. सीएम ग्रिड कार्यों में कमी-जुर्माना और जिम्मेदारी तय होगी

कार्य की गुणवत्ता मानक के अनुरूप न होने पर
संबंधित संस्थाओं पर जुर्माना लगाने और अभियंताओं की जिम्मेदारी तय करने का निर्देश।

5. पद्म पुरस्कार विजेताओं के नाम पर सड़कें और सौंदर्यीकरण

पद्म पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों के घरों के आस-पास की सड़कों का सौंदर्यीकरण
और आवश्यकता होने पर उनके नाम पर नामकरण करने का प्रस्ताव मंजूर।

6. पशु नियंत्रण पर सख्ती

  • 2000 पालतू कुत्तों का वार्डवार डाटा तैयार किया जाएगा।

  • 100 आवारा कुत्तों के बंद्याकरण और उनके लिए नई भूमि चयन का निर्देश।

  • एबीसी सेंटर का कार्य न शुरू करने वाली संस्था को ब्लैकलिस्ट करने के आदेश।

7. टाउनहाल व अन्य दुकानों पर निर्णय

  • टाउनहाल के बगल के 52 दुकानदारों को प्लाज़ा में आवंटन की मंजूरी।

  • नगर निगम की विभिन्न मार्केटों के दुकानों का नया किराया निर्धारित।

8. अस्पतालों और स्कूलों के पास अवैध पार्किंग पर सख्ती

अवैध पार्किंग हटाने और अतिक्रमण मुक्त करने का प्रस्ताव पारित।

9. घाटों की व्यवस्था में सुधार

  • मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर केवल 10 दिनों की लकड़ी रखने का निर्देश।

  • 10 दिसंबर से मृत्यु पंजीयन की व्यवस्था लागू होगी।

10. अभिलेखों का डिजिटाइजेशन

सभी जोनल कार्यालयों के अभिलेख 3 माह के भीतर डिजिटाइज करने का निर्देश।

बैठक में उपसभापति नरसिंह दास सहित निगम के सभी सदस्य और अधिकारी उपस्थित रहे।