{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नगर निगम की बड़ी पहल: 74.52 करोड़ से सिगरा और सेनपुरा में बनेगा मल्टीलेवल पार्किंग, शॉपिंग और होटल का आधुनिक कॉम्प्लेक्स
 

 

वाराणसी I काशी की तस्वीर बदलने वाली एक और महत्वपूर्ण विकास परियोजना का रास्ता साफ हो गया है। नगर निगम वाराणसी अब 74.52 करोड़ रुपये की लागत से सिगरा और सेनपुरा में मल्टीलेवल पार्किंग, मार्केट कॉम्प्लेक्स और होटल का निर्माण करने जा रहा है। इससे शहर में पार्किंग की समस्या काफी हद तक दूर होगी और एक ही छत के नीचे शॉपिंग, होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सिगरा स्टेडियम के पास और कबीरचौरा रोड (सेनपुरा) स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में प्रस्तावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि दोनों परियोजनाओं का निर्माण यथाशीघ्र शुरू किया जाए और गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

सिगरा स्टेडियम के निकट 40.52 करोड़ रुपये की लागत से 'जी प्लस-6' भवन का निर्माण होगा। इस 2600 वर्ग मीटर क्षेत्र में अंडरग्राउंड पार्किंग बनेगी, जहां 56 कारें और 22 दोपहिया वाहन पार्क हो सकेंगे। अनुमान है कि इससे नगर निगम को प्रतिमाह करीब 65 लाख रुपये की आय होगी। वहीं, सेनपुरा में पशु चिकित्सालय की ढाई एकड़ जमीन पर 34 करोड़ रुपये की लागत से 'जी प्लस टू' कामर्शियल भवन बनेगा, जिसमें मार्केट और होटल की सुविधाएं होंगी। इस प्रोजेक्ट से मासिक लगभग 35 लाख रुपये की आय की उम्मीद है।

नगर निगम ने इन परियोजनाओं के लिए म्युनिसिपल बांड के माध्यम से 50 करोड़ रुपये जुटाए हैं। दोनों कॉम्प्लेक्स की दुकानों को बाजार दर पर 30 वर्ष की लीज पर देने की योजना है, जिसमें समय-समय पर किराया वृद्धि का प्रावधान भी रहेगा। दोनों प्रोजेक्ट्स से कुल मासिक एक करोड़ रुपये से अधिक की आय होने का अनुमान है। इस तरह मात्र 50 महीनों में बांड की राशि वसूल हो जाएगी, जबकि निगम को यह राशि सात वर्ष बाद लौटानी है। सात वर्षों में कुल 84 करोड़ रुपये से अधिक की आय होने की संभावना है।

इसके अलावा, सिगरा स्थित शहीद उद्यान पार्क का भी कायाकल्प किया जा रहा है। 748.93 लाख रुपये की लागत से लखनऊ की सुदामा कंस्ट्रक्शन एण्ड बिल्डर्स द्वारा यह कार्य किया जा रहा है, जिसे 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि वह विकास परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जिससे वाराणसी की रौनक और बढ़ेगी तथा शहरवासियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।