गांव के मैदान से निकली मुनीता बनी राष्ट्रीय चैंपियन, इंटर स्टेट एथलेटिक्स में जीता स्वर्ण पदक
वाराणसी। मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर गांव के मैदान से अपनी खेल यात्रा शुरू करने वाली वाराणसी की मुनीता प्रजापति ने राष्ट्रीय स्तर पर काशी का नाम रोशन किया है। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मुनीता ने हाफ मैराथन रेस वॉक स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वाराणसी एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश यादव ने बताया कि बढ़नी खुर्द निवासी मुनीता प्रजापति ने 1 घंटा 45 मिनट 05 सेकेंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं प्रयागराज की रेशमा पटेल ने 1 घंटा 45 मिनट 48 सेकेंड का समय लेकर रजत पदक जीता।
मुनीता वर्तमान में बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने अपने खेल करियर की शुरुआत वाराणसी के सिगरा स्टेडियम से की थी।
मुनीता ने बताया कि उन्होंने कक्षा नौवीं में पहली बार एथलेटिक्स में कदम रखा था। खेल के पहले ही वर्ष 2017 में आयोजित राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद प्राथमिक स्तर से लेकर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक उन्होंने लगातार स्वर्ण पदक हासिल किए, जिसके आधार पर उनका चयन भोपाल स्थित साई सेंटर में हुआ।
मुनीता बढ़नी खुर्द गांव के सरदार पटेल इंटर कॉलेज के मैदान पर नियमित अभ्यास करती थीं। उनकी प्रतिभा और मेहनत ने उन्हें आगे बढ़ाया और बाद में उनका चयन बेंगलुरु साई सेंटर में हो गया। साधारण परिवार से आने वाली मुनीता के पिता बिरजू प्रजापति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटी की इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।