{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में सजी सांगीतिक महफिल, युवा कलाकार की प्रस्तुति बनी आकर्षण

 

Varanasi : भेलूपुर स्थित डायमंड होटल के सभागार में संस्था कला प्रकाश द्वारा प्रातःकालीन सांगीतिक कार्यक्रम “प्रभाती” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उज्जैन से आए युवा मकरंद वीणा वादक अभिषेक व्यास ने अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

पं. बिमलेन्दु मुखर्जी के शिष्य अभिषेक व्यास ने राग मियां की तोड़ी में इमदादखानी घराने की परंपरा के अनुरूप आलाप से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने इसी राग में विलंबित और द्रुत तीनताल में बंदिश प्रस्तुत कर शास्त्रीय संगीत का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

उनकी प्रस्तुति के दौरान तबले पर सिद्धार्थ चक्रवर्ती ने संगत कर कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाया। कार्यक्रम में देश के कई प्रतिष्ठित संगीतज्ञों और कला प्रेमियों की उपस्थिति रही, जिनमें पं. साजन मिश्र, पं. संजू सहाय, पं. विनोद लेले, पं. रवींद्र नारायण गोस्वामी, पं. कन्हैयालाल मिश्र, पं. सुखदेव मिश्र, डॉ. शारदा वेलंकर, राहुल भट्ट और अरविंद अग्रवाल शामिल रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी श्रोताओं ने भाग लिया। कलाकारों का स्वागत जितेंद्र नागर और शशांक अग्रवाल ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन कला प्रकाश के अध्यक्ष अशोक कपूर ने किया। अंत में अभिजीत अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।