{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रुद्राक्ष में सजा ‘नमो बुक फेस्ट’, अकी आबे ने देखीं PM मोदी पर लिखी 500+ किताबें, हुई हैरान

 

वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पदों पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट’ का शुभारंभ हुआ। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस बुक फेस्ट में प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन पर आधारित 500 से अधिक किताबों की प्रदर्शनी लगाई गई है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे। उनके साथ जापान के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय शिंजो आबे की पत्नी अकी आबे ने भी बुक फेस्ट में शिरकत की। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी गई इतनी बड़ी संख्या में किताबें देखकर अकी आबे काफी प्रभावित नजर आईं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी फेस्ट में लगी पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उनका स्वागत CMPPR के डायरेक्टर और वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने किया।

पहले दिन ‘मोदी के पच्चीस साल’ पर चर्चा

बुक फेस्ट के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर पर चर्चा के लिए विशेष पैनल आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव के विषय प्रवर्तन से हुई। इसके बाद ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने भी अपनी बात रखी।

मुख्य पैनल चर्चा ‘मोदी के पच्चीस साल’ में किशोर मकवाना, अरविंद चतुर्वेदी, मुकेश मोहन गुप्त और डॉ. पवन विजय ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर, उनके नेतृत्व और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम में दिल्ली से आई महिला बाइकर कंचन भी मौजूद रहीं। दो दिवसीय इस बुक फेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, विचारों और राजनीतिक यात्रा से जुड़ी पुस्तकों के साथ-साथ विभिन्न सत्रों के जरिए उनके 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन पर संवाद किया जा रहा है।