वाराणसी नगर निगम में नरसिंह दास चौथी बार निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित, महापौर ने की घोषणा
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी की कार्यकारिणी की बैठक में सोमवार को दशाश्वमेध वार्ड (वार्ड संख्या-96) के पार्षद नरसिंह दास को चौथी बार निर्विरोध उपसभापति चुना गया। इससे पहले वे जुलाई 2018, दिसंबर 2020 और जुलाई 2024 में भी उपसभापति का दायित्व निभा चुके हैं। लगातार चौथी बार इस पद पर निर्विरोध चुने जाने के बाद उन्होंने शहर की जनसमस्याओं के समाधान को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुई। दोपहर 12:40 बजे उपसभापति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान महापौर ने कार्यकारिणी सदस्यों से प्रत्याशी के नाम का प्रस्ताव मांगा।
वार्ड संख्या-28 (सरायनंदन) के पार्षद मदन मोहन तिवारी ने उपसभापति पद के लिए नरसिंह दास के नाम का प्रस्ताव रखा। कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने मेज थपथपाकर प्रस्ताव का समर्थन किया। सर्वसम्मति मिलने के बाद महापौर ने नरसिंह दास को निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित घोषित किया।
निर्वाचन के बाद उपसभापति नरसिंह दास ने कहा कि पार्टी ने उन पर लगातार चौथी बार भरोसा जताया है, जिसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों को साथ लेकर निष्पक्ष और ईमानदारी से कार्य करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि शहरवासियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
बैठक का संचालन संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण राय, मदन मोहन तिवारी, अशोक मौर्य, माधुरी सिंह, सुशीला, इंद्रारानी, राजकपूर चौधरी, गोविंद प्रसाद सिंह, संजय कुमार केशरी, बलराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी सहित अन्य पार्षद एवं अधिकारी उपस्थित रहे।