{"vars":{"id": "130921:5012"}}

12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, वाराणसी में प्रचार वाहनों को जिला जज ने दिखाई हरी झंडी

 

वाराणसी। राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर वाराणसी में जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर से जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव शुक्ला ने प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी देंगे।

इस मौके पर जिला जज संजीव शुक्ला ने कहा कि प्रचार वाहन आम लोगों के बीच जाकर राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्यों और इसके लाभों के बारे में जागरूक करेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे लोक अदालत का हिस्सा बनकर अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति और शांतिपूर्ण तरीके से निस्तारण करा सकते हैं।

राष्ट्रीय लोक अदालत में यातायात चालान, वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, मोटर दुर्घटना, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, उपभोक्ता मामले, भूमि अधिकरण, सेवा संबंधी मामले, शमनीय आपराधिक मामले, ऋण वसूली, बेदखली से जुड़े मामले और अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों का निस्तारण किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान मोटर दावा दुर्घटना अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रामकेश, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जनपद न्यायाधीश आलोक कुमार समेत जनपद न्यायालय के न्यायिक अधिकारी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वॉलंटियर्स मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिविजन) राजीव मुकुल पाण्डेय ने दी।