माइक्रोटेक कॉलेज में NDRF का ट्रेनिंग कैंप, छात्रों को दी लाइफ सेविंग स्किल्स
Varanasi : राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 11वीं बटालियन ने वाराणसी के माइक्रोटेक कॉलेज, बराई (बड़ागांव) में आपदा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को प्राकृतिक और मानव जनित आपदाओं से बचाव के लिए विशेष ट्रेनिंग दी गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अनिल कुमार और उनकी टीम ने किया। उन्होंने छात्रों को NDRF के गठन और उसकी भूमिका के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 2001 के गुजरात भूकंप और 2004 की सुनामी जैसी बड़ी आपदाओं के बाद वर्ष 2006 में इस बल का गठन किया गया था। वर्तमान में देशभर में इसकी 16 यूनिट कार्यरत हैं।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान छात्रों को भूकंप, आग और बाढ़ जैसी आपदाओं के समय अपनाए जाने वाले जरूरी उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लेने पर जोर दिया गया। टीम ने प्राथमिक उपचार (First Aid) और सीपीआर (CPR) जैसे जीवनरक्षक उपायों की भी व्यावहारिक जानकारी दी।
मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव कराया गया, जिससे वे आपातकाल में सही और त्वरित निर्णय लेने में सक्षम बन सकें। इसके अलावा सुरक्षित निकासी और राहत कार्यों के तरीके भी सिखाए गए।
कॉलेज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. पंकज राजहंस ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। वहीं रजिस्ट्रार जय मंगल सिंह ने NDRF टीम का स्वागत किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से छात्रों में आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ी है और वे किसी भी आपात स्थिति में खुद के साथ-साथ दूसरों की मदद करने के लिए अधिक सक्षम बने हैं।