आयुष्मान योजना में लापरवाही पड़ी भारी, CDO ने बड़ागांव CHC प्रभारी समेत कई कर्मियों का रोका वेतन
वाराणसी में गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखर कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में की। इस दौरान आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
आयुष्मान कार्ड की खराब प्रगति पर नाराजगी
बैठक में जनपद में बनाए जा रहे आयुष्मान कार्डों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने बड़ागांव स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी समेत आयुष्मान सेल में कार्यरत कर्मचारियों का लगातार दूसरे महीने वेतन रोकने के निर्देश दिए।
इसके अलावा आयुष्मान नोडल डॉ. आर के सिंह का भी वेतन कार्य में शिथिलता और निर्देशों का पालन न करने पर अवरुद्ध कर दिया गया।
NRC में बच्चों की भर्ती बढ़ाने के निर्देश
सीडीओ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में क्षमता के अनुसार शत-प्रतिशत बच्चों को भर्ती किया जाए।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों से अधिक से अधिक बच्चों को संदर्भित करने और किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार पर जोर
बैठक में उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड पर वाराणसी की पांचवीं रैंकिंग को बनाए रखने और बेहतर करने पर भी चर्चा हुई। सीडीओ ने स्वास्थ्य संकेतकों में लगातार सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने टीबी मुक्त अभियान के तहत स्क्रीनिंग बढ़ाने, टीबी नोटिफिकेशन रेट सुधारने और गर्भवती महिलाओं की चार प्रसव पूर्व जांच (Four ANC) में वृद्धि करने पर जोर दिया।
साथ ही आरबीएसके कार्यक्रम के तहत चिन्हित बच्चों के शत-प्रतिशत उपचार के निर्देश दिए गए। डॉ. राजेश प्रसाद ने बैठक में सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में जनपद स्तरीय अस्पतालों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, अपर और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे