{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BHU हॉस्टल के खाने में फिर लापरवाही, पराठे में मिला शीशे का टुकड़ा

 

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार को खाने में छिपकली मिलने की घटना के बाद गुरुवार को न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल में पराठे के अंदर शीशे का टुकड़ा मिलने का मामला सामने आया है।

बताया जा रहा है कि हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा जब खाना खा रही थी, तभी उसके पराठे में शीशे का टुकड़ा निकला। घटना सामने आने के बाद छात्राओं में नाराजगी फैल गई।

छात्राओं ने जताई नाराजगी

छात्राओं का आरोप है कि मेस के खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भोजन में लगातार मिल रही गंदगी और खतरनाक चीजें छात्रों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ हैं।

वार्डन के रवैये पर भी सवाल

छात्राओं का कहना है कि जब इस मामले की शिकायत वार्डन से की गई तो उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। आरोप है कि वार्डन ने पराठे में शीशा निकलने की घटना को सामान्य बताते हुए बात को टालने की कोशिश की।
हालांकि छात्राओं के बढ़ते विरोध के बाद उन्होंने मेस मैनेजर से इस मामले में बात करने और जांच कराने का आश्वासन दिया।

पहले भी सामने आ चुके हैं मामले

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही हॉस्टल के खाने में छिपकली मिलने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने हॉस्टल प्रशासन और मेस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता में सुधार और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

+