{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM Surya Ghar Yojana में अब नहीं चलेगी लापरवाही! मंत्री ए.के. शर्मा बोले- पात्र आवेदकों का लोन बेवजह न हो खारिज

वाराणसी में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक में ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मीटर स्थापना, लोन स्वीकृति और लाभार्थियों को शीघ्र लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। मंत्री ने यूपी को योजना में देश में नंबर-1 बनाने का लक्ष्य दोहराया और सोलर दीदियों को सम्मानित किया।

 

वाराणसी: प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को तेजी से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत तथा नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने की।

बैठक में योजना की प्रगति, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मंत्री ने संबंधित विभागों, बैंकों और योजना से जुड़े वेंडरों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

मीटर स्थापना और कॉन्फिगरेशन में तेजी लाने के निर्देश

बैठक के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि प्री-कॉन्फिगर्ड मीटरों की स्थापना में तेजी लाई जाए और पहले से लगाए गए मीटरों का कॉन्फिगरेशन प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।

उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। योजना का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचे, यह सभी विभागों की जिम्मेदारी है।

बैंकों को सख्त निर्देश, पात्र आवेदकों का लोन न हो खारिज

ऊर्जा मंत्री ने बैंकों की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि- लोन के लिए केवल आवश्यक दस्तावेज ही मांगे जाएं। पात्र आवेदकों के आवेदन लंबित न रखे जाएं। इसके अलावा बिना उचित कारण किसी भी योग्य लाभार्थी का ऋण आवेदन निरस्त न किया जाए। सभी बैंक निर्धारित समय सीमा के भीतर ऋण स्वीकृत करें। मंत्री ने कहा कि यदि वित्तीय सहायता समय पर उपलब्ध होगी तो अधिक लोग सौर ऊर्जा से जुड़ सकेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर यूपीनेडा के प्रदर्शन की सराहना

बैठक में यूपीनेडा (UPNEDA) के निदेशक रविंदर सिंह ने योजना की वर्तमान स्थिति और उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मंत्री ए.के. शर्मा ने अप्रैल और मई माह में सौर ऊर्जा स्थापना के क्षेत्र में यूपीनेडा द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष प्रदर्शन करने पर खुशी जताई। उन्होंने इस सफलता का श्रेय वेंडरों, उपभोक्ताओं, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के सामूहिक प्रयासों को दिया तथा सभी को बधाई दी।

उत्तर प्रदेश को देश में नंबर-1 बनाने का लक्ष्य

मंत्री ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश को देश में प्रथम स्थान पर पहुंचाने के लिए सभी विभागों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि- ज्यादा से ज्यादा परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ना हमारा लक्ष्य है। इससे बिजली बिल में राहत मिलेगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

वेंडरों से सीधे जाना जमीनी हाल

बैठक में मंत्री ने वाराणसी में कार्यरत वेंडरों से सीधे संवाद किया और योजना के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। वेंडरों द्वारा रखी गई समस्याओं पर मंत्री ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक बाधा नहीं आनी चाहिए।

‘सोलर दीदी’ को किया सम्मानित

बैठक के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने “सोलर दीदी” को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी इस योजना की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। साथ ही योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, निदेशक यूपीनेडा, नगर आयुक्त वाराणसी, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, मुख्य प्रबंधक आरईसीएल, यूपीनेडा के प्रशासनिक एवं परियोजना अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

क्या है PM सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना?

प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाकर लोगों को बिजली बिल से राहत देने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत लाभार्थियों को सब्सिडी और आसान ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।