नए CEO ने काशी विश्वनाथ धाम में परखी व्यवस्थाएं, दर्शन व्यवस्था से लेकर पेयजल तक का लिया जायजा
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) सत्यम मिश्र ने मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के दर्शन, सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को मौके पर जाकर देखा और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण, उप जिलाधिकारी पवन प्रकाश पाठक समेत मंदिर न्यास और परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सत्यम मिश्र ने पूरे धाम क्षेत्र का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्गों, जिग-जैग दर्शन व्यवस्था, कतार प्रबंधन और आवागमन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यह भी देखा कि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी तरीके से बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, विश्राम और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा वृद्ध और जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए संचालित मुमुक्षु भवन की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों से धाम में वर्तमान में संचालित व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध नई सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धाम की व्यवस्थाएं पूरी तरह श्रद्धालु-केंद्रित रहनी चाहिए और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम दर्शन मिलना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि प्रवेश और निकास मार्गों पर भीड़ एवं कतार प्रबंधन प्रभावी रखा जाए। जिग-जैग दर्शन व्यवस्था में किसी तरह की अव्यवस्था न हो, साथ ही पेयजल और स्वच्छता जैसी सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाए।
सत्यम मिश्र ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक दर्शन कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाएगा और जहां आवश्यकता होगी, वहां सुधार भी किए जाएंगे।