{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कफ सीरप तस्करी के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल पर गैर-जमानती वारंट, भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू

 
वाराणसी। कोडीनयुक्त कफ सीरप तस्करी मामले में फरार चल रहे गिरोह के सरगना शुभम जायसवाल के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वाराणसी पुलिस ने पीडी फार्मा प्रकरण में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया है। बताया जा रहा है कि शुभम इस समय दुबई में छिपा हुआ है।

रोहनिया क्षेत्र के भदवर स्थित एक जिम के तहखाने से 500 पेटी कफ सीरप बरामद होने के मामले में अदालत ने शुभम को 30 मार्च तक पेश होने का निर्देश दिया है। यदि वह तय तारीख तक अदालत में हाजिर नहीं होता है तो पुलिस उसे भगोड़ा घोषित कराने के लिए परिवाद दाखिल करेगी। इसके बाद दुबई से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

18 दिसंबर को दर्ज हुआ था केस

इस पूरे मामले में औषधि निरीक्षक जुनाब अली ने 18 दिसंबर को पीडी फार्मा के मालिक विष्णुकांत पांडेय के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जांच के दौरान शुभम जायसवाल, उसके पिता भोला प्रसाद, वाराणसी के लोकेश अग्रवाल और प्रतीक गुजराती, प्रयागराज के सुरेश चंद्र गुप्ता, फैजुर रहमान, मोहम्मद सैफ, सत्येंद्र कुमार साहू और कानपुर के विनोद अग्रवाल का नाम सामने आया।

शुभम को छोड़कर बाकी सभी आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है और चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है। कोतवाली थाने में दर्ज एक अन्य मामले में भी अदालत ने शुभम को 30 मार्च तक पेश होने का आदेश दिया है।

हवाला के जरिए सफेद की जाती थी काली कमाई

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि तस्करी से कमाए गए पैसे को सफेद करने के लिए एलएमएस इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी बनाई गई थी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के औसानगंज राजापुर निवासी मनोज कुमार के अनुसार, हवाला के जरिए त्रिपुरा, बांग्लादेश और कोलकाता से वाट्सएप के माध्यम से करोड़ों रुपये का लेन-देन किया जाता था।

यह रकम कंपनी के खाते में जमा कर उसे वैध दिखाया जाता और फिर उससे संपत्ति खरीदी जाती थी। इस पूरे नेटवर्क में बनारस के हवाला एजेंटों की भूमिका भी सामने आई है।

घर पर चस्पा की गई कोर्ट की उद्घोषणा

एसीपी विजय प्रताप ने बताया कि अदालत की उद्घोषणा शुभम के प्रल्हादघाट स्थित आवास और सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कर दी गई है। निर्धारित समय सीमा में पेश न होने पर उसे भगोड़ा घोषित कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

पुलिस का कहना है कि आठ आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद अब दुबई में छिपे कफ सीरप माफिया शुभम जायसवाल की बारी है। जल्द ही उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।