{"vars":{"id": "130921:5012"}}

असफलता से हारना नहीं, सोशल मीडिया में उलझना नहीं… छात्रों को अफसरों ने बताया सफलता का मंत्र

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल के तहत शुक्रवार को औसानगंज स्थित डीएवी पीजी कॉलेज के स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति सभागार में छात्र संवाद कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सिविल सर्विसेज और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए जरूरी टिप्स देने के साथ अपने अनुभव भी साझा किए।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि असफलता से निराश होने के बजाय एक लक्ष्य निर्धारित कर लगातार आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन बेहद महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इसी दौरान भविष्य की दिशा तय की जाती है। यूपीएससी की खासियत बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें हर विधा और विषय के विद्यार्थियों के लिए अवसर मौजूद हैं।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन और निरंतर मेहनत करने वाला विद्यार्थी जीवन में कभी वास्तव में असफल नहीं होता। मेहनत करने वालों के लिए रास्ते खुद बनते जाते हैं। उन्होंने कहा कि सफलता की राह में कई बाधाएं आती हैं और मौजूदा दौर में सोशल मीडिया भी विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकता है।

डीएम ने छात्रों को लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने की सलाह देते हुए कहा कि हमें सिर्फ मछली की आंख देखनी है और किसी दूसरी चीज से विचलित नहीं होना है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय भारत का है और विकसित भारत के विजन को साकार करने की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है। इस दौरान उन्होंने करीब दर्जनभर छात्रों की जिज्ञासाओं और सवालों का जवाब भी दिया।

कार्यक्रम में एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार सिनसिनवार, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राणा बृजेश सिंह सिसोदिया, बीडीओ हरहुआ अनामिका सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों का स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन आईक्यूएसी की समन्वयक डॉ. पारुल जैन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पंच बहादुर सिंह ने किया।

इस अवसर पर प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष हरिबंश सिंह, पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल, उपाचार्य प्रो. संगीता जैन, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।