{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी विद्यापीठ में NSS की समीक्षा बैठक, केंद्रीय सचिव ने सुनीं कार्यक्रम अधिकारियों की समस्याएं

 

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सचिव सुनील पालीवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारियों को वित्तीय प्रक्रियाओं में आ रही समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान ट्रेजरी सिंगल अकाउंट (TSA) के हाइब्रिड मोड और माय भारत कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय स्थित आचार्य नरेंद्र देव समिति कक्ष में आयोजित बैठक में एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयकों और कार्यक्रम अधिकारियों ने टीएसए हाइब्रिड मोड के संचालन में आने वाली व्यावहारिक परेशानियों और शंकाओं को अधिकारियों के सामने रखा। संबंधित अधिकारियों ने इन समस्याओं पर चर्चा कर समाधान और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

TSA हाइब्रिड मोड से जुड़ी समस्याओं पर हुआ मंथन

बैठक में एनएसएस के वित्तीय प्रबंधन और कार्यक्रमों के संचालन को अधिक सुगम बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम अधिकारियों ने ट्रेजरी सिंगल अकाउंट के हाइब्रिड मोड के इस्तेमाल के दौरान आने वाली तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

इस अवसर पर एनएसएस, नई दिल्ली के निदेशक प्रशांत प्रिया गौतम ने संबंधित विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने एनएसएस के कामकाज और वित्तीय प्रक्रियाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की।

माय भारत कार्यक्रम पर भी हुई चर्चा

बैठक में अतिरिक्त सचिव नितेश ने माय भारत (MY Bharat) कार्यक्रम से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान एनएसएस की गतिविधियों और युवाओं की भागीदारी से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

समीक्षा बैठक का उद्देश्य एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और योजना के संचालन में आने वाली समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में कई अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक प्रो. बंशीधर पाण्डेय ने किया। स्वागत भाषण एनएसएस उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय निदेशक समर दीप सक्सेना ने दिया।

कार्यक्रम का संचालन काशी विद्यापीठ के एनएसएस समन्वयक डॉ. राहुल गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उत्तर प्रदेश की राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. मंजू सिंह ने किया।

इस अवसर पर डॉ. प्रभा शंकर मिश्र, डॉ. शशि प्रकाश, डॉ. अम्बुज कुमार मिश्र, डॉ. ध्यानेंद्र कुमार मिश्र, डॉ. सर्वेश मिश्र, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. सुरेखा जायसवाल, डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, डॉ. हंसराज, डॉ. रश्मि सिंह, ओम प्रकाश यादव और डॉ. स्वप्ना मीणा सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।