{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सूर्य को अर्घ्य देकर लगई पुण्य की डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर वाराणसी के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से शाम तक गंगा स्नान, सूर्य को अर्घ्य, पूजन और दान का सिलसिला चलता रहा। असि घाट से दशाश्वमेध सहित कई घाटों पर भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने अंतिम कार्तिकी डुबकी लगाकर महीने भर की साधना पूरी की।

 

वाराणसी: कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही काशी के विभिन्न घाटों पर गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हो गया, जो शाम तक जारी रहेगा। श्रद्धालुओं ने कार्तिक मास की अंतिम डुबकी लगाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और पूजा-पाठ, दान तथा धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महीने भर की साधना का समापन किया।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए पूर्वांचल के विभिन्न जिलों और देश के कई राज्यों से श्रद्धालु काशी पहुंचे। दक्षिण भारत से भी बड़ी संख्या में आस्थावान एक-दो दिन पहले ही वाराणसी पहुंच चुके थे। सुबह होते ही शहर की गलियों से लेकर घाटों तक श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई देने लगी। गंगा तटों पर स्नान, पूजन और आराधना के बीच पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।

गंगा घाटों पर लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें

सामने घाट से असि घाट, तुलसी घाट, रीवा घाट और चेतसिंह घाट होते हुए दशाश्वमेध घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट और रविदास घाट तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाने के बाद भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैद रहा।

होटल-धर्मशालाएं भरीं, घाट किनारे बिताई रात

कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते शहर के होटल और धर्मशालाएं पहले ही भर गई थीं। जगह नहीं मिलने पर कई श्रद्धालुओं ने सड़कों और घाटों के किनारे ही ठहरने की व्यवस्था की। लोगों ने अपने साथ लाई चादरों को बिछाकर चांदनी रात और ठंड के बीच समय बिताया और सुबह गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंच गए।

गंगा पूजन, चुनरी चढ़ाने और दान का सिलसिला

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के साथ श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नतों और संकल्पों के अनुसार पूजन-अर्चन किया। कई लोगों ने मां गंगा को चुनरी और नैवेद्य अर्पित किया, जबकि कुछ श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर पूजन कराया। घाटों पर मंगल गीतों की गूंज के बीच लोगों ने भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी और दान-पुण्य किया।

कार्तिक पूर्णिमा की डुबकी के साथ ही श्रद्धालुओं ने पूरे कार्तिक मास के दौरान किए गए स्नान, ध्यान, पूजा-पाठ और नियम-संयम के धार्मिक विधान का समापन किया।