पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर काशी में गंगा पूजन, विधायक नीलकंठ तिवारी ने 76 बटुकों संग किया दुग्धाभिषेक
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर गुरुवार को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में धार्मिक आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक और पूर्व धर्मार्थ कार्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 76 बटुकों के साथ मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बटुकों ने मां गंगा की पूजा की और दुग्धाभिषेक किया। कार्यक्रम में मौजूद कई लोगों के हाथों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें भी नजर आईं। गंगा तट पर मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच माहौल भक्तिमय बना रहा।
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा, आध्यात्मिक आस्था और जनकल्याण की भावना के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 76 बटुकों ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं में मां गंगा का विशेष महत्व है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर गंगा पूजन के जरिए उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना करना काशी की आस्था और परंपरा से जुड़ा आयोजन है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, गंगा आरती के जयघोष और धार्मिक अनुष्ठान से गंगा तट का वातावरण भक्तिमय नजर आया।