काशी विश्वनाथ मंदिर में बसंत पंचमी पर मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं ने किया आशीर्वाद प्राप्त
Jan 23, 2026, 14:15 IST
वाराणसी I बसंत पंचमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में विद्या और संगीत की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना संपन्न हुई। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां सरस्वती के चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर न्यास का प्रतिनिधित्व करते हुए डिप्टी कलेक्टर जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना का संचालन किया। इस अवसर पर मां सरस्वती से विद्या, विवेक, वाणी और कला की समृद्धि की कामना की गई। बसंत पंचमी के इस विशेष पर्व पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
सरस्वती पूजन के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर पूरी तरह से भक्तिमय और आनंदपूर्ण वातावरण में डूबा रहा।