{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नहाने के बहाने ले गया, बीच धारा में डुबोया...दोस्त बना कातिल, वरुणा नदी में डुबोकर मारा डाला

 
वाराणसी के वरुणा रिवर में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक किशोर की उसके ही दोस्त ने डुबोकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में भारी हंगामा हुआ और ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

नहाने के बहाने ले गया, फिर कर दी हत्या

यह घटना लोहता थाना क्षेत्र के हैबतपुर गांव की है। मजदूर श्यामवृक्ष का 18 वर्षीय बेटा आकाश सुबह करीब 11 बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ बाइक से नदी में नहाने के लिए गया था। रास्ते में आरोपी ने दो अन्य दोस्तों अंकुश और दिव्यांश को भी साथ ले लिया। चारों युवक वरुणा नदी के किनारे पहुंचे और नहाने लगे।

बीच धारा में दिया धक्का, डूबता रहा आकाश

मौके पर मौजूद शिवा नाम के युवक के मुताबिक, नहाते समय आरोपी ने आकाश को अपने कंधे पर बैठाया और उसे नदी के बीच धारा में ले गया।

वहां पहुंचकर उसने आकाश को नीचे गिरा दिया। आकाश डूबने लगा और मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी किनारे खड़ा होकर सब देखता रहा। कुछ ही देर में आकाश नदी में समा गया।

सबूत मिटाने की कोशिश

घटना के बाद आरोपी ने आकाश के कपड़ों में ईंट-पत्थर बांधकर नदी में फेंक दिए और बाकी साथियों को धमकी दी कि कोई कुछ नहीं बताएगा। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।

5 घंटे बाद मिला शव

सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। आरोप है कि समय पर गोताखोर नहीं बुलाए गए, जिससे ग्रामीण भड़क उठे।

गांव के मछुआरे और युवक खुद नदी में उतरे और करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आकाश का शव बाहर निकाला।

पुलिस से झड़प, सड़क जाम

शव मिलने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और पुलिस जीप पर पथराव किया। इसके बाद शव को सड़क पर रखकर अयोध्यापुर-कोटवा मार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की।

पुलिस का आश्वासन, आरोपी फरार

मौके पर पहुंचे एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पहले भी हुआ था विवाद

परिजनों के मुताबिक, आरोपी और आकाश के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। रविदास जयंती के दिन दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी, जिसे इस वारदात की वजह माना जा रहा है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात की गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।