{"vars":{"id": "130921:5012"}}

उत्तर प्रदेश दिवस पर नमोघाट बना विकास का मंच, कारीगरों को मिला सम्मान और रोजगार का सहारा

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर नमोघाट, वाराणसी में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मंत्री अनिल राजभर, माननीय विधायक अजगरा त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह एवं हंसराज विश्वकर्मा और जिलाधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत दर्जी ट्रेड से जुड़े 21 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 6 लाभार्थियों को ऋण वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त ODOP मार्जिन मनी योजना के अंतर्गत 1 लाभार्थी को ऋण प्रदान किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टॉल भी लगाए गए। वुडन लेकरवेयर एंड टॉयज की हस्तशिल्पी अर्चना सेठ और रेशम उत्पाद के हस्तशिल्पी मो. जकारिया द्वारा अपने उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसे लोगों ने सराहा।

उधर, पिंडरा तहसील मुख्यालय पर भी उत्तर प्रदेश दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां विधायक पिंडरा अवधेश सिंह द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत दर्जी ट्रेड के 4 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई। इस अवसर पर ODOP उत्पाद वुडन लेकरवेयर एंड टॉयज का स्टॉल हस्तशिल्पी प्रदीप कुमार विश्वकर्मा द्वारा लगाया गया, जिसमें पारंपरिक शिल्पकला की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरकार की योजनाओं को आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि इन योजनाओं से युवाओं, कारीगरों और हस्तशिल्पियों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।