{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में जनगणना 2027 की ऑनलाइन स्व-गणना शुरू, 30 नवंबर तक भरें परिवार का विवरण
 

 

वाराणसी। जनगणना 2027 के दूसरे चरण में वाराणसी के निवासी अब घर बैठे अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। जनसंख्या गणना के लिए स्व-गणना की सुविधा 16 नवंबर से शुरू हो गई है और 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने और मीडिया संस्थानों से इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की है। 

घर बैठे ऐसे करें स्व-गणना

आधिकारिक पोर्टल पर उत्तर प्रदेश और अपनी पसंद की भाषा चुनें। इसके बाद मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करें। पहले चरण में दर्ज मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करने पर प्रश्नावली सीधे खुल जाएगी। नंबर अलग होने पर पोर्टल के नक्शे की मदद से वाराणसी जनपद, अपना गांव या नगर और नजदीकी पहचान-चिह्न चुनकर निवास की पुष्टि करनी होगी। आधिकारिक स्व-गणना पोर्टल

परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरने के बाद उसे ध्यान से जांच लें। अंतिम रूप से जमा करने के बाद ऑनलाइन बदलाव नहीं किया जा सकेगा। विवरण जमा होने पर मिलने वाली स्व-गणना आईडी (SE ID) सुरक्षित रखें और घर आने वाले जनगणना प्रगणक को दिखाएं। 

1 दिसंबर से घर-घर जाएंगे प्रगणक

वाराणसी में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। ऑनलाइन विवरण भरने वाले परिवारों की जानकारी का सत्यापन प्रगणक उनकी SE ID से करेंगे। जो परिवार ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनका विवरण प्रगणक घर पहुंचकर दर्ज करेंगे।