बरेका कॉलोनी में रेलवे कर्मचारी की संदिग्ध मौत, कमरे में 150 से ज्यादा शराब की बोतलें बरामद
वाराणसी के बरेका परिसर में एक रेलवे कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर मिला। घटनास्थल से खून के निशान और 150 से अधिक शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वाराणसी: मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित बरेका परिसर में शुक्रवार सुबह एक रेलवे कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पीटर बसंत होरो (39) के रूप में हुई है। कमरे के अंदर उनका शव औंधे मुंह पड़ा मिला, जबकि आसपास खून के निशान भी दिखाई दिए। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पत्नी के फोन के बाद खुला घटना का राज
जानकारी के अनुसार, पीटर बसंत होरो बरेका परिसर स्थित आवास संख्या 597/सी में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी झारखंड में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार सुबह पत्नी ने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों से संपर्क कर हालचाल जानने को कहा।
पड़ोसी जब उनके घर पहुंचे तो काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर एक पड़ोसी घर के भीतर गया, जहां कमरे में पीटर बसंत होरो का शव जमीन पर औंधे मुंह पड़ा मिला। कमरे में खून भी बिखरा हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही मंडुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
कमरे से मिलीं 150 से अधिक शराब की बोतलें
मामले में थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान कमरे से 150 से अधिक शराब की खाली और भरी बोतलें मिली हैं। जिस स्थान पर शव पड़ा था, वहां भी शराब की कई बोतलें मौजूद थीं।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब सेवन के कारण मौत होने की आशंका लग रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियों और साक्ष्यों को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।