{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पद्मश्री शूटर जसपाल राणा का मणिकर्णिका घाट पर होगा अंतिम संस्कार, CM योगी भी हो सकते है शामिल
 

 

वाराणसी। देश के दिग्गज निशानेबाज, पद्मश्री सम्मानित खिलाड़ी और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के कोच रहे Jaspal Rana जसपाल राणा का शनिवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

शुक्रवार शाम करीब 7:45 बजे उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से देहरादून स्थित पोंदा के मझोन गांव पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए खिलाड़ियों, राजनीतिक नेताओं और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात तक लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

शनिवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को चार्टर्ड विमान से वाराणसी लाया जाएगा। मणिकर्णिका घाट पर होने वाले अंतिम संस्कार में खेल और राजनीति जगत की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath भी अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।

49 वर्षीय जसपाल राणा का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह पिछले 11 दिनों से दिल्ली के मैक्स साकेत अस्पताल में भर्ती थे। जानकारी के अनुसार, जर्मनी से लौटते समय विमान में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इस बीच, ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज Manu Bhaker अपने गुरु को अंतिम विदाई देने शुक्रवार को ही देहरादून पहुंच गईं। कोच के पार्थिव शरीर को देखते ही वह भावुक हो गईं और जसपाल राणा के पिता नारायण सिंह राणा से लिपटकर रो पड़ीं।

मनु भाकर के खेल करियर में जसपाल राणा का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। जूनियर स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में उन्होंने मनु का लगातार मार्गदर्शन किया। पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर की ऐतिहासिक सफलता के पीछे भी जसपाल राणा के प्रशिक्षण और अनुभव को अहम माना जाता है।