{"vars":{"id": "130921:5012"}}

आगे 'परशुराम', पीछे 'राम', नंबर गायब! वाराणसी पुलिस ने बुलेट सवार को सिखाया सबक, काटा चालान

 

वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर रहे एक बुलेट सवार पर पुलिस ने कार्रवाई की। बाइक की नंबर प्लेट पर वाहन का पंजीकरण नंबर लिखने के बजाय आगे "परशुराम" और पीछे "राम" लिखा हुआ था। इतना ही नहीं, बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था और उस पर तीन लोग सवार होकर चल रहे थे।

पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह, उपनिरीक्षक प्रद्युम्न राय और कांस्टेबल अमरेश यादव की नजर जैसे ही इस बाइक पर पड़ी, उन्होंने तत्काल वाहन को रुकवाकर जांच की। जांच में पाया गया कि नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर और तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने जैसे ट्रैफिक नियमों का भी उल्लंघन किया जा रहा था।

नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर पुलिस ने मौके पर ही चालान जारी किया और वाहन चालक को भविष्य में ट्रैफिक नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि धार्मिक आस्था अपनी जगह है, लेकिन सड़क पर वाहन चलाते समय कानून का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। नंबर प्लेट पर वाहन का वैध पंजीकरण नंबर होना जरूरी है और किसी भी प्रकार का अनधिकृत मॉडिफिकेशन या नियमों का उल्लंघन कार्रवाई का कारण बन सकता है।