{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पिंडरा की छात्राओं ने योगासन में लहराया परचम, एक गोल्ड समेत तीन पदक जीते
 

 

वाराणसी। नेशनल स्कूल गेम्स बालिका योगासन प्रतियोगिता का आयोजन श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, वाराणसी में किया गया। प्रतियोगिता में कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी, पिंडरा में अध्ययनरत छात्राओं के साथ पूर्व छात्राओं की टीम ने भी प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पिंडरा ब्लॉक की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक अपने नाम किए।

अंडर-17 वर्ग में अनन्या सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने मंडलीय प्रतियोगिता के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की है। अनन्या पिछले दो वर्षों में अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में नेशनल स्तर पर प्रतिभाग कर चुकी हैं और अब लगातार तीसरी बार नेशनल स्तर पर पहुंचने की तैयारी में हैं।

वहीं, प्रतियोगिता में पहली बार हिस्सा लेने वाली प्रीति ने अंडर-14 वर्ग में दोहरी सफलता हासिल की। उन्होंने ट्रेडिशनल योगासन के साथ-साथ आर्टिस्टिक सिंगल योगासन प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।

अनन्या सिंह अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए व्यायाम शिक्षिका प्रिया मिश्रा से विशेष प्रशिक्षण और टिप्स भी ले रही हैं। प्रतियोगिता में छात्राओं को स्कॉट टीचर के रूप में अनुदेशिका स्नेहा श्रीवास्तव ने प्रतिभाग कराया।

छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और टीम रमईपट्टी, पिंडरा की ओर से प्रसन्नता व्यक्त की गई। योग प्रशिक्षक कमलेश कुमार पाण्डेय ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।