{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पीएम मोदी वाराणसी में कर सकते है फ्लैटेड फैक्ट्री का शिलान्यास, 4000 लोगों को मिलेगा रोजगार
 

 

वाराणसी: चांदपुर-मेहंदीगंज औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित फ्लैटेड फैक्ट्री परियोजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री Narendra Modi आगामी 28 अप्रैल को इस परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं। उद्योग विभाग की ओर से निर्माण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

करीब 1.86 एकड़ भूमि पर बनने वाली यह आधुनिक फैक्ट्री ग्राउंड फ्लोर सहित तीन मंजिला होगी और इसे 18 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लगभग 46.18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में कुल 73 इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिनमें 44 औद्योगिक इकाइयां और 29 दुकानें शामिल होंगी।

यह फ्लैटेड फैक्ट्री सिस्टम आधारित होगी, जहां सिल्क, गारमेंट, पैकेजिंग, लेदर और हस्तशिल्प से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इससे वाराणसी समेत पूर्वांचल के उद्यमियों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत उद्यमियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें बेसमेंट में लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था, पार्किंग, कैंटीन, फर्स्ट एड सेंटर, क्रेच और कॉन्फ्रेंस हॉल शामिल हैं। इसके अलावा उत्पादों के भंडारण और विपणन के लिए स्टोर रूम की भी सुविधा दी जाएगी।

इस परियोजना के पूरा होने पर करीब 4000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है, जिसमें लगभग 2500 लोगों को प्रत्यक्ष और 1500 को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। स्थानीय स्तर पर इसे औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।