{"vars":{"id": "130921:5012"}}

शिवरात्रि के बाद काशी आ सकते हैं PM मोदी, हजार करोड़ से ज्यादा विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

 

वाराणसी I महाशिवरात्रि के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी (वाराणसी) के दौरे पर आ सकते हैं। इस संभावित यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभिन्न विभागों से उन योजनाओं और परियोजनाओं की सूची मांगी गई है, जिनका शिलान्यास या लोकार्पण प्रधानमंत्री कर सकते हैं। अनुमान है कि इस दौरे के दौरान काशी को एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात मिल सकती है।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों से प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं की सूची तैयार करने को कहा है, ताकि शिलान्यास और लोकार्पण का विस्तृत कार्यक्रम बनाया जा सके। सूत्रों के अनुसार, कमिश्नरी आवास परिसर में प्रस्तावित मंडलीय एकीकृत कार्यालय भवन का शिलान्यास पीएम मोदी के हाथों हो सकता है।

तैयारियां जोरों पर

जल निगम की ओर से प्रस्तावित सोलर पार्क और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी मिलने की संभावना है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाले सिग्नेचर रेल रोड ब्रिज, नगर निगम के नए सदन भवन तथा काशी रोपवे प्रोजेक्ट भी प्रधानमंत्री के एजेंडे में शामिल रह सकते हैं। इसके अलावा रामनगर में निर्माणाधीन वृद्धाश्रम और वर्किंग वुमेन हॉस्टल का भी शिलान्यास संभावित है।

ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़ी पहल के तहत सर्किट हाउस परिसर में प्रदेश का पहला साइलेंट सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा, जो बिना शोर-शराबे के संचालित होगा। इसे भी पीएम की सौगातों में शामिल किया जा सकता है।

लोक निर्माण विभाग की कई सड़कों, एनएचएआई के हाईवे प्रोजेक्ट्स, जिला अस्पतालों में बनने वाले डे केयर सेंटर तथा बनारस रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित तीसरी रेल लाइन के शिलान्यास की भी तैयारियां चल रही हैं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि इन सभी प्रस्तावित परियोजनाओं की कुल लागत एक हजार करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

यह दौरा काशी के समग्र विकास को नई गति देने वाला साबित हो सकता है, जिसमें बुनियादी ढांचा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, परिवहन और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।