{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी में PM मोदी के स्वागत की भव्य तैयारी, 13 जगहों पर ढोल-नगाड़े और पुष्पवर्षा से होगा स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित काशी दौरे को लेकर भाजपा ने स्वागत की तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में 13 स्वागत प्वाइंट तय किए गए हैं, जहां ढोल-नगाड़े, शंखनाद, डमरू दल और पुष्पवर्षा से अभिनंदन होगा। जानिए स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों और बैठक से जुड़ी जानकारी।

 

 

वाराणसी: काशी में पहली बार आयोजित वायुसेना के एयर शो के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर भाजपा ने स्वागत की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री के अभिनंदन के लिए शहर में 13 स्वागत प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। इन स्थानों पर ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल और पुष्पवर्षा के जरिए उनका स्वागत करने की तैयारी है।

13 स्थानों पर होगा प्रधानमंत्री का स्वागत

काशी क्षेत्र के अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तय किए गए 13 स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता और काशीवासी मौजूद रहेंगे। स्वागत कार्यक्रमों में भारतीय संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी। इसके लिए पारंपरिक संगीत और नृत्य कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है, जिनके माध्यम से काशी की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

भाजपा कार्यालय में हुई तैयारियों की समीक्षा

स्वागत कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए गुरुवार को रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में व्यवस्था टोली की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री के स्वागत से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में भाजपा के सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। वहीं, पुलिस लाइन गेट पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगी। बैठक का संचालन क्षेत्र उपाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल ने दिया।