{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM Modi Varanasi Visit :  28-29 अप्रैल को रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जान लें कौन-कौन से रास्ते रहेंगे बंद

 

PM Modi Varanasi Visit : नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दो दिवसीय वाराणसी दौरे को लेकर शहर में व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है।

प्रशासन के अनुसार मंगलवार दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक और बुधवार सुबह 4 बजे से 10 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित या परिवर्तित रहेगा।

बसों के लिए विशेष डायवर्जन

अंशुमान मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल बसों को छोड़कर अन्य रोडवेज, सवारी और टूरिस्ट बसों पर विशेष डायवर्जन लागू रहेगा।

  • प्रयागराज, सोनभद्र और मिर्जापुर की ओर से आने वाली बसों को मोहनसराय अंडरपास होकर मुड़ैला तिराहा तक भेजा जाएगा।
  • जौनपुर की तरफ से आने वाली बसों को हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक ही अनुमति होगी।
  • गाजीपुर और आजमगढ़ की बसों को आजमगढ़ रिंग रोड अंडरपास पर रोका जाएगा।
  • अमरा अखरी अंडरपास और चांदपुर चौराहा से केवल कार्यक्रम से जुड़ी बसों को आगे जाने दिया जाएगा।

भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध

भारी और मालवाहक वाहनों के लिए भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

  • बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहा से वीवीआईपी मूवमेंट के दो घंटे पहले भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
  • भेलखा हनुमान मंदिर, मुड़ैला तिराहा, चांदपुर चौराहा और बौलिया तिराहा से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
  • महमूरगंज, भिखारीपुर, नरिया, चितईपुर और सर्किट हाउस क्षेत्र में यातायात पूरी तरह नियंत्रित रहेगा।

बरेका क्षेत्र में विशेष सुरक्षा

  • बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) क्षेत्र में भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
  • सिनेमा हाल तिराहा, सेंट्रल मार्केट तिराहा और अधिकारी तिराहा से किसी भी वाहन को वीवीआईपी रूट की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
  • डी-05 रेलवे क्रॉसिंग, सूर्य सरोवर तिराहा और गोमती मार्केट क्षेत्र में भी डायवर्जन लागू रहेगा।


काशी विश्वनाथ धाम मार्ग पर असर

काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले मार्गों पर भी बुधवार सुबह ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा।
लकड़मंडी, मरीमाई, मलदहिया, पिशाचमोचन, लहुराबीर, मैदागिन और गोदौलिया क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। सोनारपुरा और जंगमबाड़ी की ओर वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा।

लोगों से सहयोग की अपील

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रूट की जानकारी जरूर लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। स्कूल, कार्यालय या जरूरी कार्य से निकलने वाले लोग समय से पहले घर से निकलें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम समाप्त होते ही सभी मार्गों पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।