{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM Modi Varanasi Visit: काशी में 40 बच्चों और युवाओं से मिलेंगे PM मोदी, पुलिस लाइन से नमो घाट तक बनाए गए स्वागत स्थल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे पर इस बार करीब 40 बच्चों और युवाओं से मुलाकात प्रस्तावित है। भाजपा के अनुसार, 15 से 25 वर्ष के युवाओं का चयन कर सूची प्रधानमंत्री कार्यालय भेजी गई है। काशी में पुलिस लाइन से नमो घाट तक 13 स्वागत पॉइंट पर पुष्पवर्षा और डमरू वादन की तैयारी है।

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार काशी में प्रधानमंत्री बच्चों और युवाओं से मुलाकात करेंगे। भाजपा पदाधिकारियों के मुताबिक, बाबतपुर एयरपोर्ट और पुलिस लाइन हेलीपैड पर होने वाली इस मुलाकात के लिए 15 से 25 वर्ष की उम्र के करीब 40 बच्चों और युवाओं का चयन किया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक अलग-अलग स्थानों पर पुष्पवर्षा और डमरू वादन की तैयारी की गई है।

काशी दौरे पर बच्चों और युवाओं से संवाद करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरों के दौरान समय मिलने पर अलग-अलग लोगों से मुलाकात कर उनसे संवाद करते हैं। काशी में भी वह कम समय के दौरे के दौरान एयरपोर्ट और हेलीपैड पर लोगों से मिलते रहे हैं। इस बार उनके लाइनअप में भाजपा पदाधिकारियों या जनप्रतिनिधियों को शामिल नहीं किए जाने की बात सामने आई है। इसके बजाय प्रधानमंत्री बच्चों और युवाओं से मुलाकात करेंगे।

भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, बाबतपुर एयरपोर्ट और पुलिस लाइन हेलीपैड पर प्रधानमंत्री की मुलाकात के लिए करीब 40 बच्चों और युवाओं को चुना गया है। इनकी उम्र 15 से 25 वर्ष के बीच होगी। चयनित बच्चों के नाम प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे जा चुके हैं। उनके परिवारों से संबंधित जांच भी पूरी कर ली गई है। सूची में शामिल बच्चे प्रधानमंत्री से मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री अपने दौरों के दौरान अधिवक्ताओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों और चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) सहित विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों से भी मुलाकात कर चुके हैं।

डमरू वादन और पुष्पवर्षा से होगा प्रधानमंत्री का स्वागत

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के मुताबिक, शहर में स्वागत के लिए कुल 13 पॉइंट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर पुष्पवर्षा और डमरू वादन के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा।

पुलिस लाइन से नमो घाट तक स्वागत की व्यवस्था की जा रही है। महानगर अध्यक्ष ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।

इन स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारी

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए अलग-अलग स्थानों पर भाजपा नेताओं के नेतृत्व में टीमें तैनात रहेंगी। पुलिस लाइन के सामने मंत्री रवींद्र जायसवाल के नेतृत्व में स्वागत होगा, जबकि पुलिस लाइन चौराहे पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि जिम्मेदारी संभालेंगे।

सांस्कृतिक संकुल में महापौर अशोक तिवारी, लकड़ी मंडी तिराहा चौकाघाट पर एमएलसी धर्मेंद्र राय और गोलगड्डा तिराहे पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्वागत की तैयारी है। कज्जाकपुरा में मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' और भदऊ चुंगी मोड़ पर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में टीम प्रधानमंत्री का स्वागत करेगी।

भाजपा की ओर से अन्य स्वागत स्थलों पर भी तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी महानगर अध्यक्ष के अनुसार, कुल 13 पॉइंट पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।