{"vars":{"id": "130921:5012"}}

थोड़ी देर में शुरू होगा PM मोदी का 14KM का मेगा रोड शो, BLW से बाबा विश्वनाथ तक शक्ति प्रदर्शन

वाराणसी में पीएम मोदी का 14 किलोमीटर लंबा ऐतिहासिक रोड शो आज शुरू होगा। BLW से काशी विश्वनाथ मंदिर तक इस मेगा शो में भव्य स्वागत की तैयारी है। इसके बाद पीएम हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। दौरे में 163 परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।

 

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी दौरा आज दूसरा दिन है। कुछ ही देर में प्रधानमंत्री 14 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो शुरू करेंगे, जो बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (BLW) से काशी विश्वनाथ मंदिर तक जाएगा। यह रोड शो काशी में अब तक का सबसे लंबा और भव्य माना जा रहा है।

BLW से विश्वनाथ धाम तक दिखेगा जनसैलाब

प्रधानमंत्री का काफिला बीएलडब्ल्यू से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगा। रास्ते में जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए हैं, जहां भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और पुष्प वर्षा के साथ उनका अभिनंदन करेंगे। मंत्री और विधायक भी अलग-अलग स्थानों पर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे, जिससे पूरा शहर उत्सव के माहौल में नजर आएगा।

विश्वनाथ धाम में पूजा-अर्चना, फिर हरदोई रवाना

रोड शो के समापन पर प्रधानमंत्री बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से एयरपोर्ट जाएंगे और मुख्यमंत्री योगी के साथ हरदोई रवाना होंगे।

हरदोई में वे 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे, जो मेरठ से प्रयागराज को जोड़ेगा और प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देगा।

पहले दिन 6,350 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री ने 6,350 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इसके साथ ही उन्होंने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में हिस्सा लिया, जिसमें करीब 50 हजार महिलाओं की भागीदारी रही। मंच पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी 44 महिलाएं भी मौजूद रहीं।

महिला आरक्षण पर विपक्ष पर हमला

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस ने महिलाओं के अधिकारों को लंबे समय तक नजरअंदाज किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण को लागू करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।