{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी में PM मोदी का आगमन: ‘जन-आक्रोश महिला सम्मेलन’ को करेंगे संबोधित, अरबों की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
 

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार दोपहर अपने तीसरे कार्यकाल में छठवीं बार अपने संसदीय क्षेत्र काशी के दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। वह करीब 1:30 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पहुंचे, जहां योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।

प्रधानमंत्री काशी में बरेका परिसर में आयोजित ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह नारी वंदन संशोधन विधेयक को लेकर अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहेंगी।

इससे पहले सुबह करीब 11 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वाराणसी पहुंचे और एयरपोर्ट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया।

बरेका में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी के विकास को नई गति देते हुए 6332 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—बनारस से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस)—को हरी झंडी दिखाएंगे।

अपने दौरे के दूसरे दिन बुधवार सुबह प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। यह दौरा काशी के विकास और राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।