{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में PM मोदी का मेगा रोड शो, कहीं हुई पुष्पवर्षा तो कहीं शंखनाद, ढोल-नगाड़ों से हुआ भव्य स्वागत

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बुधवार को 14 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो शुरू हो गया। रोड शो की शुरुआत बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से हुई, जो काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर समाप्त होगा। प्रधानमंत्री यहां बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक करेंगे।



पीएम की एक झलक पाने उमड़ी भीड़

रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। प्रधानमंत्री भी लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता चौराहों पर ढोल-नगाड़े, शंखनाद और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर पीएम मोदी का स्वागत कर रहे हैं। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है।

पांच प्रमुख जगहों पर स्वागत

भारतीय जनता पार्टी के मंत्री और विधायक पांच प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। बताया जा रहा है कि रोड शो के दौरान पीएम बंगाली समुदाय के लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

रोड शो के बाद पीएम सड़क मार्ग से एयरपोर्ट जाएंगे। वहां से सीएम योगी के साथ हरदोई रवाना होंगे। वहां गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। प्रधानमंत्री का 11 साल में यह 54वां काशी दौरा है। हालांकि, यह 2026 का पहला दौरा है। इससे पहले, पीएम नवंबर 2025 में काशी आए थे।